Friday, April 16, 2021
*पृथा और निष्प्राण कर्ण*
Friday, March 12, 2021
आँखों का फ़ितूर
मेरी आँखों का फ़ितूर है
या कोई तो ज़रूर है।
ये दिन में शाम क्यूँ हुई
ये ज़ुल्फ या धतूर है।
हवा बही हर ओर से
झटकी लट जो ज़ोर से।
दिन को ढलने दो यहीं
बैठो जरा ग़ुरूर से।
थक जाने दो शाम को
अलसाए आसमान को।
ये तारे टिम-टिमाएँगे
ये आसमाँ सजाएँगे।
ये रात जगमगाएगी
लेकर चुनर हुज़ूर से।
बैठो जरा ग़ुरूर से
बैठो जरा ग़ुरूर से।
पंछी क्यूँ ठहर गए
दिन गया,पहर गए।
न टोह उनको आज की
न किसी के काज की।
आह भर रही है चांदनी
मद्धम हो रही हवा।
मैं पास उसको खींचता
वो खीझती जरा-जरा।
रात हुई तो शोर है
देखो जोर-जोर है।
वो बस मुझको देखती
मैं देखता, कोई और है?
जुगनू चमकने लगे
चुनर आँखों से सरकने लगे।
शाम आग़ोश में रात की
उसने जाने की बात की।
प्रेम का अर्थ गूढ़ है
मिलना-बिछड़ना जरूर है।
समझ सके तो प्रेम क्या?
जो ना समझे तो प्रेम है।
©युगेश
![]() |
चित्र - गुगल आभार |

Friday, November 20, 2020
पाँच सौ का एक नोट
वोट की कीमत
नहीं आँकी जा सकती
इसमें स्वाभिमान है
संविधान का सम्मान है
कहते हैं शिक्षाविद
लेकिन विधिवत शिक्षा
पहुँचती कहाँ है लोगों तक
न पहुँचते है शिक्षाविद
और भूख स्वतः जागृत होती है
जैसे वोट का अधिकार
हर पाँच साल के पार
लिए पार्टी का झंडा
अधनंगा पहने एक लंगोट
कहता है फलाँ जिंदाबाद
अपने भविष्य का गला घोंट
पता है कितने का एक वोट
बस! पाँच सौ का एक नोट।
©युगेश
![]() |
चित्र - गूगल आभार |

Saturday, September 26, 2020
*आज की ताजा खबर*
आज की ताज़ा खबर
मीडिया की पैनी नज़र
सवाल करती, चीखती, गुर्राती
कभी अपने कमीज की बाहें तानकर
तो कभी आँखें गुरेरकर
कहती, ये सच है
और हम मान भी लेते
पर नहीं मानता वो आदमी
जो सड़क पर बेतहाशा चला जा रहा है
तो उस जुझारू पत्रकार ने पूछ लिया
आपकी इस घटना पर क्या प्रतिक्रिया है
वो आदमी चुप रहा
चलता रहा
और न ही रुकी मीडिया
पूछती रही
पर जवाब कोई न मिला
पर स्तम्भ इतना भी कमजोर नहीं होता
उसने झकझोरा उसे
कहा क्या तुममें आत्मीयता नहीं
या नहीं है दया
या नहीं जानते जो चला गया
उसे इंसाफ नहीं मिला
वो आदमी मुस्कुराया
एक चिट्ठी उसके हाथों में दी
और कूद गया पूल से
मीडिया ने कहा बड़ा बेवकूफ आदमी था
और फेंक दी चिठ्ठी
चिठ्ठी उड़ते हुए कैमरे के ग्लास पर जा टिकी
लिखा था "भूख"
खैर, कैमरा On नहीं था
या On नहीं किया गया?
पता नहीं
किसी ने आँखें नहीं तरेरी
न ही कमीज़ की बाहें तानी
सब सच्चे मुद्दे दिखाने में व्यस्त थे।
©युगेश
![]() |
चित्र - गुगल आभार |

Saturday, September 12, 2020
*मज़ा आ रिया है*
स्थिति चिंताजनक है
देश की नहीं, देशवासियों की।
पत्रकारिता एक ठूंठ पर बंधी
बकरे के जैसी मिमिया रही है।
पूछ रही है हो क्या रिया है
पर कोई बोल नहीं रिया है।
बोल भी दे तो सुने कैसे
इतना शोर जो हो रिया है।
संभावनाएँ असीम हैं
पर TRP ये सब करा रिया है।
देश संकट में है पर
अपने को इसी में मज़ा आ रिया है।
"बकरे" के स्वामी गो लोग आजतक
काहे को चिल्ला रिया है।
अपने को ज्यादा समझ नहीं आता
पर मज़ा बहुत आ रिया है।
बहुत सन्नाटा है instagram पर
workout का video नहीं आ रिया है।
भोले बाबा के भक्त सभी हैं यहाँ पर
पर कोई क्यूँ अब नहीं बता रिया है।
भोलेबाबा आसमान से बोले
Naughty बालक मुझे क्यूँ फंसा रिया है।
देश में और भी विपदाएँ हैं
वो कोई क्यूँ नहीं बता रिया है।
भारत के घर पे चार खम्बे थे
कभी कोई उखाड़ रिया है,कभी कोई लगा रिया है।
©युगेश
![]() |
चित्र - गूगल आभार |

Sunday, August 23, 2020
चम्पा का फूल
शाम जब डूबता है सूरज
तो रात के साए में
कोपलें फूटती हैं आसमान की
और निकलते हैं तारे
मैं उन फूलों को एक पहर
देख खुश नहीं हो पाता
मुझे चम्पा का फूल पसंद है
जो बिखेरता है खुशबू
जिसे न उजाले से डर लगता है
न जिसे अंधेरे की पनाह पसंद है
वो जो उन्मुक्त है
और जो शोर करता है
अपनी भीनी खुशबू से
और कहता है मैं हूँ
मेरा अस्तित्व है
मुझे ऐसा ही प्रेम चाहिए
तुम मेरे जीवन का सितारा
बन सको या न बन सको
हाँ,पर चम्पा का फूल
जरूर हो जाना।
©युगेश
![]() |
चित्र - गूगल आभार |

Thursday, August 13, 2020
इंसाफ का दायरा थोड़ा बड़ा हो जाता
इंसाफ का दायरा थोड़ा बड़ा हो जाता
इल्जाम बस सियासतदानों पर न आता।
अमूमन भरोसा तो है इंसाफ के ढाँचे पर
चढ़ने को पैसे लगते हैं, मैं दे कहाँ पाता।
पथरीली जमीन है, गड्ढे हैं सड़क पर
वो गाड़ी से चलते हैं, मैं चल कहाँ पाता।
बड़ी मुश्किल से पहुँचा मैं ढाँचे के अर्श पर
जो बैठा है, मुजरिम है, इंसाफ कर कहाँ पाता।
©युगेश
